जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पश्चिमी झंडीचौड़ में स्थित भूमि को विद्यालय के नाम नहीं किए जाने पर पार्षद ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया था। बावजूद अब तक इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। जिस कारण स्कूल का भवन व अतिरिक्त कक्ष कक्षाओं का निर्माण भी नहीं हो पा रहा है।
इस संबंध में पार्षद सुखपाल शाह ने विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन दिया। कहा कि वर्तमान में पश्चिमी झंडीचौड़ में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का अपना भवन न होने के कारण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व जूनियर हाईस्कूल एक ही भवन में संचालित हो रहे है। जिसके कारण बच्चों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि वर्ष 2016-17 में वार्ड 37 पश्चिमी झंडीचौड़ में हाई स्कूल को स्वीकृत करवाया गया था। लेकिन भवन न होने के कारण हाईस्कूल की कक्षाओं को जूनियर हाईस्कूल के कक्षों में ही संचालित किया जा रहा है। विद्यालय भवन बनाने के लिए क्षेत्रवासी लंबे समय से भूमि की मांग कर रहे है। जिसके लिए उन्होंने स्वंय बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित करवाकर विद्यालय की प्रबंधक कमेटी के माध्यम से जिलाधिकारी को भिजवा दिया था। कहा कि वर्तमान में विद्यालय में तीन सौ अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है, जिनमें अधिकांश अनुसूचित जाति के छात्र अध्ययनरत है। कहा कि भूमि का बकायदा ज्वाइंट सर्वे भी हो गया है। लेकिन अभी तक भूमि को स्कूल के नाम नहीं करवाया गया है। उन्होने शासन-प्रशासन से शीघ्र ही भूमि को स्कूल के नाम व धन स्वीकृत करवाए जाने की मांग की है, जिससे उक्त भूमि पर स्कूल का भवन व अतिरिक्त कक्ष-कक्षाओं का निर्माण करवाया जा सके।