जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में बदहाल व्यवस्थाओं पर उत्तराखंड बेरोजगार महासंघ ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि चिकित्सकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अस्पताल रेफर सेंटर बन चुका है। बेस अस्पताल में आईसीयू भी भगवान भरोसे चल रहा है।
समस्याओं को लेकर महासंघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि कोटद्वार बेस अस्पताल को बने कई वर्ष बीत चुके हैं। लेकिन, आज भी अस्पताल केवल रेफर सेंटर बना हुआ है। राजकीय बेस चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सक न होने से चिकित्सालय में गंभीर मरीजों को रेफर किया जा रहा है। बेस चिकित्सालय में चर्मरोग, बर्न विभाग, कार्डियोलाजिस्ट सहित कई अन्य पदों पर विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं है। जबकि, स्थानीय जनता लगातार चिकित्सकों की तैनाती की मांग कर रही है। आईसीयू विभाग भी केवल नाम का ही रह गया है। कहा कि आईसीयू में चिकित्सक, एनेस्थेसिस्ट व तकनीकी विभाग के आठ पद सृजित हैं। लेकिन, वर्तमान में वहां कोई नियमित चिकित्सक तैनात नहीं है। कहा कि एक तरफ क्षेत्रीय विधायक की तरफ से बेस चिकित्सालय में पूरे चिकित्सक होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन, सूचना अधिकार के तहत मांगी गई सूचना के अनुसार बेस चिकित्सालय में 59 पद सृजित हैं। लेकिन, वर्तमान में मात्र 23 चिकित्सक ही कार्यरत है। ऐसे में जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। कहा कि यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आंददोलन को मजबूर होगा। इस मौके पर रमेश भंडारी, शिवानंद लखेड़ा, महिमा डोबरियाल मौजूद रहे।