जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्थानांतरण नीति लागू नहीं होने पर अनुसूचित जाति जनजाति शिक्षक एसोसिएशन ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नीति को लागू करना आवश्यक है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी ने शिक्षा विभाग पर स्थानातंरण प्रक्रिया को रोकने का आरोप लगाया। कहा कि लगातार दो वर्षों से विभाग स्थानांतरण नीति लागू करवाने में नाकाम रहा है। स्थानांतरण नीति लागू न होने से शिक्षकों की पदोन्नति व कार्य व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षक लंबे समय से स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लेकिन, विभाग की तरफ से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण नीति लागू कर काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से स्थानांतरण करवाने की मांग की।