देवप्रयाग महाविद्यालय में आक्रोशित छात्रों ने की तालाबंदी, फूंका पुतला

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : ओमकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में छात्र संघ पदाधिकारियों के नेतृत्व में छात्रों ने परीक्षा परिणामों में बरती जा रही अनियमितताओं के खिलाफ तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कैंपस में ही कुलपति और परीक्षा नियंत्रक का पुतला दहन कर रोष प्रकट किया। तालाबंदी और पुतला दहन के चलते महाविद्यालय का प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा।
छात्र संघ अध्यक्ष सुमित चौहान और विवि प्रतिनिधि आर्यन दीप के नेतृत्व में छात्र सुबह ही कॉलेज परिसर में एकत्र हुए और कामकाज ठप कर दिया। आक्रोशित छात्रों ने आरोप लगाया कि विवि की ओर से कॉपियों के मूल्यांकन में भारी लापरवाही बरती जा रही है। कहा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को फेल दिखाया गया है, जबकि उन्हीं कॉपियों को जब री-चेक कराया जा रहा है तो छात्र पास पाए जा रहे हैं। उपाध्यक्ष संतोषी बिष्ट और महासचिव सपना ने कहा कि जब री-चेक के बाद परिणाम बदल रहे हैं, तो इसका स्पष्ट अर्थ है कि पहली बार में कॉपियों की जांच सही तरीके से नहीं की गई और परीक्षकों ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सही से नहीं किया। इस गड़बड़ी के कारण कई छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद विवि स्तर से कोई ठोस समाधान नहीं निकाला जा रहा है। सह-सचिव संतोषी रौथाण ने कहा कि इसी अनदेखी के चलते आज कुलपति और परीक्षा नियंत्रक का पुतला फूंकने को मजबूर होना पड़ा है। छात्र नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक विवि प्रशासन सही रिजल्ट घोषित करने और दोषी जांचकर्ताओं पर कार्रवाई करने का आश्वासन नहीं देता तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। छात्रों ने स्पष्ट किया कि वे अपने भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *