आक्रोशित महिलाओं ने किया सिंचाई विभाग का घेराव

Spread the love

रुद्रप्रयाग। आठ महीने से पुनाड़ नहर पर पानी न चलने से आक्रोशित महिलाओं ने सिंचाई विभाग का घेराव किया। अफसरों के सम्मुख आक्रोश व्यक्त करते हुए महिलाओं ने कहा कि यदि शीघ्र नहर पर पानी न चला तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
गुरुवार को मुख्यालय से लगे पुनाड़, भाणाधार, गुलाबराय, औंण, हीतडांग आदि गांवों की महिलाओं ने पुनाड़ नहर पर पानी चलाने की मांग को लेकर सिंचाई विभाग का घेराव किया। साथ ही बीते आठ महीनों से सिंचाई को लेकर आई समस्या से अवगत कराया। बर्सू विकास समिति की अध्यक्ष आशा सेमवाल के नेतृत्व में महिलाओं ने विभागीय अफसरों को खरी खोटी सुनाई। कहा कि गेहूं की फसल भी बिना पानी के बाई गई। जबकि अब धान बोने की तैयारी की जा रही है। किंतु पानी न होने से किसानों के सामने बड़ी समस्या पैदा हो गई है। महिलाओं ने कहा कि पूरी नहर क्षतिग्रस्त है किंतु विभाग इसकी मरम्मत के लिए खानापूर्ति करता आ रहा है। यही कारण है कि आज किसान खेती से मुंह मोडने लगे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र नहर पर पानी नहीं आया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके बर्सू विकास समिति की अध्यक्ष आशा सेमवाल, सुनीता डियून्डी, संतोषी नौटियाल, रमा गोस्वामी, संगीता देवी, महावीर पंवार, संदीप पंवार, नरेंद्र गिरी, अनूप सेमवाल, राकेश नौटियाल, रामलाल चौधरी के अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *