जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सरकार के तीन साल होने पर कंडोलिया पार्क में क्रॉस कंट्री दौड़ व साइकलिंग रैली का आयोजन किया गया। वहीं, कंडोलिया मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिता भी हुई। क्रॉस कंट्री अंडर-16 बालक वर्ग में अनीश, बालिका वर्ग में रीना ओपन वर्ग में दिंगबर, महिला वर्ग में मीनाक्षी पहले स्थान पर रही। प्रतियोगिताओं में अव्वल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मंगलवार को आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ अंडर-16 पुरुष वर्ग में अनीश ने पहला, जीवन ने दूसरा व आदित्य ने तीसरा, अंडर-16 बालिका वर्ग में रीना पहले, अनुष्का दूसरे व अनाईका तीसरे स्थान पर रही। ओपन पुरूष वर्ग में दिगंबर ने पहला, रवि कुमार ने दूसरा, मीनू रावत ने तीसरा स्थान हासिल किया। ओपन महिला वर्ग में मीनाक्षी पहले, निधि दूसरे, संगीता तीसरे स्थान पर रही। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उदघाटन करते हुए विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सरकार के तीन साल पूरे होने पर प्रदेश भर में एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल, स्वास्थ्य शिविर सहित खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कहा कि इस तरह के प्रतियोगिताओं से युवाओं में खेल भावना का विकास होता है और वे एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर सेवा, सुशासन और विकास के 3 वर्ष थीम पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर एडीएम अनिल सिंह गब्र्याल, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र फोनिया, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी आदि शामिल रहे।