अंकिता भंडारी के परिजनों ने प्रस्तावित धरने को किया स्थगित

Spread the love

 

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : अंकिता हत्याकांड के केस से सरकारी वकील के स्वयं ही हटने संबंधी पत्र मुख्यमंत्री को भेजे जाने के बाद अंकिता के परिजनों ने अब 17 अगस्त को प्रस्तावित धरने को स्थगित कर दिया है। अंकिता के परिजन लगातार इस मामले में सरकार की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक जीतेंद्र रावत को हटाने की मांग कर रहे थे। शनिवार को पौड़ी के डीएम ने अंकिता के परिजनों को इस संबंध में जानकारी दी।
पौड़ी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अंकिता के पिता वीरेंद्र भंड़ारी ने कहा कि उनकी मांग पूरी हुई है। इस मांग को लेकर वह जिला प्रशासन के साथ ही सीएम से भी मिले थे। अब क्योंकि सरकारी वकील जीतेंद्र रावत ने स्वयं ही इस केस से हटने संबंधी पत्र सीएम को भेज दिया है, लिहाजा अब 17 जुलाई को प्रस्तावित धरने को भी स्थगित कर दिया गया है। शनिवार को अंकिता के परिजन डीएम से मिलने पौड़ी आए थे। इस दौरान डीएम ने अंकिता के परिजनों को इस बाबत विस्तार से जानकारी दी और बताया कि सरकारी वकील ने इस केस से हटने की खुद इच्छा जताते हुए सीएम को पत्र भेज दिया है। अंकिता की मां सोनी देवी और पिता वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि वे इस फैसले से संतुष्ट है और प्रस्तावित धरना कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *