ऋषिकेश(। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर डोईवाला नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च परवादून जिला कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर डोईवाला चौक तक निकाला गया। जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया। कैंडल मार्च में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। परवादून जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जानी चाहिए। डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में न्याय की मांग कर रही है और पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। कैंडल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि दी और न्याय की मांग की। इस मौके पर प्रमोद कपरवान शास्त्री, सागर मनवाल, मनोज नौटियाल, ताजेंद्र सिंह ताज, सुनील बर्मन, रेखा कांडपाल, राहुल सैनी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।