हल्द्वानी। विधायक बंशीधर भगत ने पांडे नवाड़ स्थित एएनएम सेंटर की बदहाली देखी। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि सेंटर का रखरखाव नहीं होने से पंखे व खिड़की तक चोरी हो गए हैं। सेंटर अब खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक भगत ने कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सेंटर को रोजगारपरक संस्थान के रूप में विकसित करने की मांग करेंगे। विधायक भगत शुक्रवार को कालाढूंगी विधानसभा के क्षेत्र भ्रमण पर निकले। इस दौरान पांडे नवाड़ के ग्रामीण उन्हें एएनएम सेंटर लेकर गए। जहां उन्होंने खस्ताहाल परिसर और तीन मंजिला भवन की दुर्दशा को देखा। इस मौके पर एएनएम सेंटर के लिए भूमिदान करने वाले परिवारों के उत्तराधिकारी भी मौजूद रहे। उनका कहना था कि वर्ष 2007 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री रमेश पोखरिया निशंक के प्रयासों से परिसर में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर का शिलान्यास कर तीन मंजिला इमारत बनाई गई। सेंटर में ट्रेनिंग लैब, हस्टल एवं आवासीय भवन का निर्माण किया गया। 2012 में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर बाजपुर स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद से देखरेख के अभाव में भवन जीर्ण शीर्ण हालात में पहुंच गया है।