जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बीडीसी बैठकों का रोस्टर जारी किया गया है। जनपद के सभी 15 विकासखंडों पौड़ी, कोट, कल्जीखाल, पाबौ, थलीसैंण, बीरोंखाल, यमकेश्वर, द्वारीखाल, दुगड्डा, रिखणीखाल, जयहरीखाल, पोखड़ा, एकेश्वर, नैनीडांडा और खिर्सू में अप्रैल से मार्च तक चार चरणों में बीडीसी बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 15 विकासखंडों में वर्षभर आयोजित होने वाली चार-चार बैठकों की तिथियां निर्धारित करते हुए प्रत्येक बैठक में अनिवार्य उपस्थिति के लिए नोडल अधिकारी नामित किए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में क्षेत्र पंचायत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बैठकों के सुचारु संचालन और प्रभावी परिणाम के लिए यह रोस्टर तैयार किया गया है। रोस्टर के अनुसार जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं परियोजना निदेशक (डीआरडीए) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ये अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठकों में प्रतिभाग करेंगे। साथ ही जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी भी किसी भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि बीडीसी बैठक की सूचना क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों, संबंधित क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों और विभागीय अधिकारियों को कम से कम 15 दिन पूर्व देना अनिवार्य होगा। अपरिहार्य स्थिति में खंड विकास अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख से परामर्श कर तिथि में संशोधन कर सकेंगे।