जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : ढोल दमाऊं की थाप, पश्वाओं के आह्वान और देव डोलियों व श्वेत ध्वजाओं के साथ ही विकासखंड पौड़ी के घंडियाल स्थित घंटाकर्ण देवता का वार्षिक पूजन व अनुष्ठान संपन्न हो गया।
निसणी, घंडियाल, बुवाखाल व भैंसोड़ा आदि गांवों के आराध्य देव घंटाकर्ण घंडियाल के वार्षिक पूजन पर शनिवार को घंडियाल स्थित मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। विभिन्न गांवों की ओर से ढोल दमाऊं की थाप पर मंदिर में ध्वजा स्थापित हुईं। ढोल दमाऊं के मंडाण में देव पश्वाएं भक्तों पर अवतरित हुईं। इस दौरान मंदिर अपने आराध्य देव घंटाकर्ण के जयकारों से गूंज उठा। इससे पूर्व निसणी, घंडियाल आदि गांवों में पहले दिन से ही मंडाण लगाकर देवताओं की पूजा पाठ की गई। ग्रामीण गणेश नेगी ने बताया कि घंटाकर्ण घंडियाल देवता को क्षेत्र के रक्षक के रूप में पूजा जाता है। जहां हर साल मंदिर में वार्षिक पूजा अर्चना की जाती है। वार्षिक पूजन के लिए ध्याणियों (बेटियों) को विशेष रूप से न्योता जाता है। साथ ही पूजा समाप्ति के बाद उन्हें दूण कंडी देकर सम्मान के साथ विदाई दी जाती है।