पटवारियों की हड़ताल स्थगित, पुलिस कार्य के बहिष्कार का ऐलान

Spread the love

अल्मोड़ा। पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक एवं राजस्व सेवक संघ की गत 23 दिसंबर से चल रही हड़ताल स्थगित हो गई है। लेकिन संवर्ग ने पुलिस कार्य का बहिष्कार करने का फैसला लिया है । इसके तहत सभी संवर्गीय कर्मचारी पुलिस दायित्व से संबंधित बस्तों को 10 जनवरी सोमवार को अपने तहसीलों में जमा कर देंगे। जिलाध्यक्ष आशुतोष लोहनी ने प्रांतीय नेतृत्व के हवाले से यह जानकारी दी है। जिलाध्यक्ष लोहनी ने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष विजय पाल सिंह मेहता व महासचिव महापाल सिंह पुंडीर ने बताया है कि शासन व राजस्व परिषद से वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित करने की जानकारी दी है। संगठन ने हड़ताल से जनता को हो रही परेशानी से आंदोलन से वापसी से फैसला लिया है। लेकिन पुलिस कार्य में समान कार्य के लिए समान वेतन के मामले में कोई सकारात्मक पहल नहीं होने से संगठन ने इसके परित्याग का फैसला लिया है। जिलाध्यक्ष ने कहा है कि 2018 में हाईकोर्ट ने राजस्व पुलिस व्यवस्था को लेकर अहम निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला स्तर से राजस्व पुलिस को रेगुलर पुलिस की भांति समान वेतनमान, संसाधन व मैन पावर दिए जाने की शासन को संस्तुति की गई थी। इसका आज तक पालन नहीं हुआ है। संवर्ग के कर्मचारी इसका खामियाजा भुगत रहे हैं। ऐसे में संगठन ने तय किया है कि राजस्व पुलिस संबंधि कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। जिलाध्यक्ष लोहनी ने बताया कि सोमवार को सभी राजस्व कार्मिक पुलिस से संबंधित बस्ते तहसील मुख्यालय में जमा कर देंगे। उन्होंने इस बीच रही हड़ताल में सदस्यों के सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *