जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में नशे का अवैध करोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों से चरस और गांजा लाकर शहरों में सप्लाई किया जा रहा है। हालांकि पुलिस द्वारा अभियान चलाकर नशा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद भी नशा तस्करी का कारोबार थम नहीं रहा है। पुलिस ने बीती बुधवार देर सांय को गांजा तस्करी में शामिल वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। इस गांजा तस्करी के परिवहन में संलिप्त मुख्य सप्लायर सहित उसके सहयोग में शामिल कुल 06 अभियुक्तों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
बता दें कि अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लैंसडाउन रमेश तनवर व प्रभारी सीआईयू रणजीत तोमर के नेतृत्व में कोतवाली लैंसडाउन पुलिस एवं सीआईयू टीम द्वारा 12 मार्च 2026 को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया था। इस दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध वाहनों से कुल 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए अभियुक्त यशवंत सिंह एवं लव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को सीज किया गया था। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। उक्त प्रकरण में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त, जो नशा तस्करों से पैसे लेकर गांजा उपलब्ध कराता था और घटना के बाद से ही फरार चल रहा था, की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस की सक्रिय कार्यवाही के फलस्वरूप सीआईयू एवं लैंसडाउन पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए अभियोग में वांछित अभियुक्त जगत सिंह पुत्र स्व. गुंदर सिंह निवासी ग्राम मंगरौ, पोस्ट तकुलसारी, थैलीसैण, पौडी गढ़वाल को बुधवार देर सायं को ग्राम मंगरो, थलीसैंण से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक जयपाल सिंह चौहान, मुख्य आरक्षी संजय राम, सतेन्द्र सिंह आदि शामिल थे।