पत्रकारिता विषय पर हुई भाषण प्रतियोगिता में अंशिका रही अव्वल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में पत्रकारिता व जनसंचार विभाग की ओर से पत्रकारिता विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतियोगिता में अंशिका बुड़ाकोटी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आयोजित कार्यशाला में प्रधानाचार्य प्रो. डीएस नेगी ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता के महत्व के बारे में बताया। कहा कि पत्रकारिता सामाजिक मुद्दों को उठाने का एक बेहतर माध्यम है। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल टीआरपी बढ़ाना नहीं बल्कि समाज को सही दिशा देना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए तथा न्यूज चैनलों को सच्चाई एवं गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए। विभाग प्रभारी डा. एसके गुप्ता ने कहा कि टीआरपी को बढ़ाने के लिए आज कई न्यूज चैनल भ्रामक खबरें भी फैला देते हैं। ऐसे में इससे भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। विभाग के प्राध्यापक चक्रधर कंडवाल ने पत्रकारिता में कम्यूनिकेशन के प्रभाव पर विस्तृत प्रकाश डाला। बीजेएमसी के छात्र कृष्णकांत कुकरेती ने आनलाइन जर्नलिज्म विषय पर विस्तार से बताया। छात्र सुजल ने यूट्यूब चैनल तथा फेसबुक, इंस्टाग्राम के माध्यम से लोकप्रिय होती जा रही पत्रकारिता की जानकारी दी। आयुष धस्माना ने कहा कि आजकल पाठक प्रतिदिन अखबार पढ़ने की बजाय आनलाइन एवं डिजिटल माध्यमों से प्राप्त समाचारों की ओर शिफ्ट होते जा रहे है। छात्रा आंचल कुकरेती ने कहा कि आजकल कुछ पत्रकार अपनी जिम्मेदारियां भूलते जा रहे हैं और समाज के प्रति अपना कर्तव्य नहीं निभा रहे हैं। लोग झूठ और सच में अंतर करना भूलते जा रहे हैं, जिससे लोगों की सोच प्रभावित होती जा रही है। बीजेएमसी छात्रा अंशिका बुड़ाकोटी ने कहा कि कई न्यूज चैनल अब सही चीजों को दिखाने के स्थान पर भ्रामक एवं झूठी खबरें ज्यादा दिखा रहे हैं। वह पेड न्यूज़ पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं, जिससे सही खबरें जनता के सामने नहीं आ पा रही हैं। भाषण प्रतियोगिता में अंशिका बुडाकोटी प्रथम, कृष्णकांत कुकरेती द्वितीय व आंचल कुकरेती तृतीय रहे। इस मौके पर अरविंद दुदुपुडी, अनुपम भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *