जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड एकेश्वर में आयोजित सपनों की उड़ान कार्यक्रम में विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर हुनर का प्रदर्शन किया। इस दौरान कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में अनुराधा देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के अव्वल विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
जनता इंटर कालेज सुराईढांग में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बड़ेथ के क्षेत्र पंचायत सदस्य ख्यात सिंह नेगी व ग्राम प्रधान बबीता नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित किया। कहा कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को अपने हुनर का प्रदर्शन करने का मौका मिल रहा है। इस दौरान कुर्सी दौड़ में धरासू की अनुराधा देवी, थापला की सुनीता देवी व अमोठा की नैंसी देवी क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय रही। रैंप वाक में सिमारखाल के अर्नव-सरिता ने प्रथम और स्योली की आराध्या-लवली पंत द्वितीय और हलूणी की दिया-नीलम तृतीय रहे। लोकनृत्य में सिमारखाल की अर्नव-सरिता देवी ने प्रथम, धरांसू की गुंजन-अनुराधा देवी द्वितीय और थापला की ईशा-सुनीता देवी तृतीय स्थान पर रहे। लोकगायन व नुक्कड़ नाटक में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज श्रीकोटखाल ने प्रथम, राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय स्योली ने द्वितीय व राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय ड्यूल्ड तृतीय स्थान पर रहा। सर्वश्रेष्ठ एसएमसी का पुरस्कार अटल उत्कृष्ट राइंका श्रीकोटखाल को मिला। जबकि राउप्रावि स्योली द्वितीय व राइंका रीठाखाल तृतीय स्थान पर रहें। स्टाल संयोजन में अटल उत्कृष्ट राइंका श्रीकोटखाल प्रथम, राप्रावि सिमारखाल द्वितीय व राप्रावि भूमिया तृतीय स्थान पर रहा। इस मौके पर बीआरसी समन्वयक यतेंद्र मोहन धस्माना, नोडल अधिकारी संजय रावत, प्रधानाचार्य अतुल मिश्रा, ख्यात सिंह, बबीता देवी, कीर्तिका, हरपाल रावत, सुधीर रावत, लक्ष्मण नेगी, यशवंत रावत, शिल्पी आदि मौजूद रहे।