नई दिल्ली । निर्वाचन आयोग ने आज चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के लिए विधानसभा चुनावों का ऐलान कर दिया है। इन राज्यों के अलावा विभिन्न राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान भी कर दिया है। इसमें अजित पवार की दुखद मृत्यु के बाद खाली हुई बारामती सीट भी शामिल है।
निर्वाचन आयोग ने देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के बहुप्रतिक्षित चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे, जबकि असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक चरण में चुनाव संपन्न होंगे। इन राज्यों के अलावा गोवा, कर्नाटक, नागालैंड, त्रिपुरा की पांच विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को उपचुनाव होगा, जबकि गुजरात, महाराष्ट्र की तीन विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को उपचुनाव संपन्न होगा। इन सीटों के नतीजे एक साथ 4 मई को ही आएंगे। इसमें सबसे हाई प्रोफाइल महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई बारामती विधानसभा सीट है। इस पर अजित की पत्नी सुनेत्रा पवार एनसीपी की तरफ से मैदान में हैं। सुनेत्रा, उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुकी हैं
विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि यह सभी सीटें वर्तमान विधायकों के निधन की वजह से खाली हो गई थीं। इसलिए इन पर चुनवा कराया जाना आवश्यक हो गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन आठ सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं उन्हें गोवा की पोंडा, कर्नाटक की बागलकोट और दक्षिण दावणगेरे, नागालैंड की कोरिडांग, त्रिपुरा की धर्मनगर गुजरात की उमरेठ और महाराष्ट्र की राहुरी और बारामति सीट शामिल है।
गौरतलब है कि इन सभी सीटों में बारामति का चुनाव सबसे हाई प्रोफाइल रहने वाला है। महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार यहां से विधायक थे, जिनका इसी वर्ष 28 जनवरी को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया था। बारामति में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे,जबकि 4 मई को इसका रिजल्ट आएगा। इस सीट पर अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार एनसीपी की तरफ से चुनाव लड़ेंगीं, शरद गुट की तरफ से पिछले चुनाव में भतीजे रोहित पवार उतरे थे। इस बार मैदान में कौन आता है। यह अभी तय नहीं है।