रुद्रपुर। अर्जुन पुरस्कार प्राप्त और अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार ने हिमालय बचाओ अभियान की पहल का स्वागत किया। उन्होंने आम जनता के साथ ही प्रदेश के सभी खिलाड़ियों से इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया। इस दौरान वे हिन्दुस्तान के मिस कॉल अभियान से भी जुड़े और लोगों से भी अधिक से अधिक मिस कॉल करने को कहा। रविवार को अर्जुन पुरस्कार प्राप्त और अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज ने कहा सभी लोग अभियान का हिस्सा बनें और हिमालय के पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान अवश्य दें। उन्हें विश्वास है एक दिन यह अभियान हिमालय के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कहा पॉलीथिन और अन्य प्रदूषण जीवन के लिए खतरा बन चुके हैं। इससे हिमालय की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। यदि हिमालय का पर्यावरण सुरक्षित नहीं रहेगा तो पूरी दुनिया पर इसका विपरीत असर पड़ेगा। उन्होंने उत्तराखंड के आमजन से हिमालय के संरक्षण के लिए बढ़चढ़ आगे आने का आह्वान किया है।