आर्मी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में लहराया परचम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : रक्षा मंत्रालय व विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अनुमोदित एवं अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 में आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 85 विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। इनमें से 11 विद्यार्थियों ने द्वितीय चरण के लिए चयनित होकर सफलता प्राप्त की, जबकि तृतीय एवं अंतिम चरण में विद्यालय के दो मेधावी विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज की। जिनमें कक्षा 6 के छात्र विकल्प अग्रवाल ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छठा स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा 12 की छात्रा यश्मिता ने दसवां स्थान अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन सी.डी. देशमुख ऑडिटोरियम, इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में किया गया, जहां मुख्य अतिथि कविंदर गुप्ता, उपराज्यपाल लद्दाख, द्वारा विकल्प अग्रवाल को विशिष्ट योग्यता प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, वी.एस.एम., कमांडेंट जी.आर.आर.सी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मंच पर किया गया यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल उनकी प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि विद्यालय की सुदृढ़ शैक्षिक परंपरा का भी द्योतक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने अंतर्राष्ट्रीय सह-शैक्षिक प्रतिस्पर्धा में छात्र की इस उपलब्धि को उसके समर्पण एवं माता-पिता की सक्रिय सहभागिता का परिणाम बताया। प्रधानाचार्य ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों के परिश्रम एवं हिंदी विभाग की शिक्षिका संगीता धस्माना एवं गौरी कण्डारी के कुशल मार्गदर्शन को दिया, जिनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *