चार धाम में बसें, पहाड़ में बेपटरी हुई व्यवस्था

Spread the love

सिलोगी व देवीखेत बस सेवा बंद होने से ग्रामीण परेशान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जीएमओयू की अधिकांश बसें चारधाम रूट पर चले जाने से पहाड़ी की यातायात व्यवस्था बिगड़ने लगी है। जीएमओयू की कोटद्वार से संचालित सिलोगी और देवीखेत बस सेवाओं को नियमित रूप से चलाने की मांग क्षेत्रीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने की है। चारधाम यात्रा के समय सिलोगी बस सेवा को बंद करने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। उन्हें जीप टैक्सियों से महंगी व मनमानी यात्रा करने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
सिलोगी निवासी राजेंद्र प्रसाद, राम सिंह, कनसुर के प्रधान दीपचंद्र शाह, गूम के प्रधान कुलदीप सिंह बिष्ट, प्रधान संघ द्वारीखाल के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि जीएमओयू की बस सेवाओं पर स्थानीय परिवहन व्यवस्था टिकी है, लेकिन चारधाम यात्रा में बसों के भेजने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि तीन दिन देवीखेत की बस सेवा भी बंद थी, लेकिन शुक्रवार से शुरू कर दी गई। लोगों ने कहा कि सिलोगी के लिए भी नियमित रूप से बस सेवा चलाई जानी चाहिए। जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने बताया कि देवीखेत बस सेवा शुरू कर दी गई है। बसों की उपलब्धता होने पर सिलोगी वाली भी शुरू कर दी जाएगी। बताया कि पर्वतीय रूटों पर कंपनी की टैक्सी सेवाएं संचालित हो रही है। अन्य स्टेशनों पर भी टैक्सी सेवाएं शुरू की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *