अर्शदीप शतक लगाकर रचेंगे इतिहास, जो कोई नहीं कर पाया वो कर बनेंगे नंबर 1 भारतीय गेंदबाज

Spread the love

नई दिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम आज 10 सितंबर (बुधवार) को यूएई के साथ एशिया कप 2025 का अपना पहला मैच खेलने वाली है. ये मैच आज रात 8 बजे से दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में टीम इंडिया के सबसे सफल टी20 गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पास इतिहास रचने का मौका होगा. अर्शदीप सिंह इस मैच में शतक लगाने की दहलीज पर खड़े हैं.
यूएई के खिलाफ मैच में भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पास मौका होगा कि वो विकेटों का शतक लगा सकें. उनके पास टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट पूरे करने का मौका होगा. ऐसा करने से अर्शदीप सिंह सिर्फ 1 विकेट दूर हैं. अर्शदीप ने अब तक भारत के लिए 63 टी20 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 99 विकेट हासिल किए हैं. उन्होंने 8.30 की इकोनॉमी और 18.3 के औसत के साथ गेंदबाजी की है. उनका बेस्ट प्रदर्शन 4 विकेट 9 रन देकर रहा है.
अर्शदीप सिंह इंडियन क्रिकेट टीम के अब तक के इतिहास के सबसे सफल टी20 गेंदबाज हैं. भारत के लिए अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनसे ज्यादा विकेट किसी अन्य गेंदबाज ने हासिल नहीं किए हैं. इस मैच में 1 विकेट हासिल करते ही अर्शदीप सिंह भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे.
अर्शदीप सिंह का टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 7 जुलाई 2022 को इंग्लैंड के खिलाफ हुआ था. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और देखते ही देखते उन्होंने युजवेंद्र चहल, हार्दिक पांड्या और भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया.
इस समय भारत के लिए अर्शदीप सिंह 99 विकेट के साथ शीर्ष पर मौजूद हैं. उनके बाद युजवेंद्र चहल 96, हार्दिक पांड्या 94, भुवनेश्वर कुमार 90, और जसप्रीत बुमराह 89 विकेट के साथ टॉप 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले गेंदबाजों में मौजूद है.
इसके साथ ही अर्शदीप सिंह के पास सबसे तेज 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने वाले दुनिया के नंबर 1 गेंदबाज बनने का भी मौका होगा. अभी तक यह रिकॉर्ड बहरीन के मध्यम गति के गेंदबाज मोहम्मद रिजवान बट के नाम है. जिन्होंने 66वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 100 शिकार पूरे किए. अब अर्शदीप अपने 64वें मुकाबले में यह कारनामा कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *