देहरादून(। गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में 20, 21 और 22 फरवरी को होने वाले तीन दिवसीय ‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ में देशभर के कलाकार जुटेंगे। शहीद दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट के साथ गोर्खाली सुधार सभा इसमें विशेष सहयोग कर रही है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा ने बताया कि इस फेस्टिवल में हिमालय क्षेत्र की संस्कृति, खानपान और विविधता देखने को मिलेगी। 20 फरवरी को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे साइक्लोथॉन मिनी रैली’ के फ्लैग ऑफ से होगी। शाम को ‘पंचे बाजा’ और ‘नौबती बाजा’ से प्रदर्शनी और मेले का उद्घाटन होगा। जम्मू का एम. जैक्सन सांस्कृतिक संस्थान, दार्जिलिंग की मशहूर सिंगर सुरक्षा सिंचुरी, सिलीगुड़ी के गायन, विक्रम कालिकोटे और विशाल ग्रुप का पारंपरिक ‘लाखे-कुमारी’ डांस दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। ट्रस्ट की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि दीप्ती व देविन शाही के कार्यक्रमों के साथ ‘मधुमक्खी पालन’ और ‘फल संरक्षण’ पर कार्यशाला होगी। शाम को ‘कोसेली सांगीतिक ग्रुप’ और ‘कुमाऊंनी झौड़ा’ और युवाओं के लिए ‘रैपर्स बैटल’ का आयोजन होगा। जागर गायिका पद्मश्री बसंती बिष्ट का सम्मान और प्रस्तुति के बाद असम की ‘सुपर डांसर चैप्टर 5’ की विजेता अध्यायश्री उपाध्याय का डांस होगा। सांस्कृतिक सचिव मीनू आले, रमा थापा ने बताया कि फेस्टिवल के आखिरी दिन 22 फरवरी को सुबह ‘नेचर फोटोग्राफी’, दोपहर में जेपी मैठाणी का विशेष सत्र, शाम को जौनसारी और गढ़वाली लोक नृत्य, ‘ब्राइड्स ऑफ हिमालयन रीजन'(हिमालयी क्षेत्र की दुल्हनें) फैशन शो होगा। आयोजन स्थल पूरी तरह ‘पॉलीथिन मुक्त’ रहेगा, जो पर्यावरण को लेकर इस कार्यक्रम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।