जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : होली पर्व पर पहाड़ व मैदान के लिए आवाजाही करने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो गया है। सुबह से ही वाहनों में सीट के लिए यात्रियों में मारामारी देखने को मिल रही है। सबसे अधिक भीड़ मैदान से पहाड़ जाने वालों की है। यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए रूटों पर अतिरिक्ति वाहनों का भी संचालन किया जा रहा है।
मालूम हो कि 25 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाना है। ऐसे में मैदान से कई लोग छुट्टी पर होली मनाने अपने गांव जा रहे हैं। जिससे यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। सुबह से ही रोडवेज, जीएमओयू व मैक्स वाहन के स्टेंड में यात्रियों की भीड़ नजर आ रही है। रूट पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए वाहनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। पहाड़ के दूरस्त क्षेत्रों के लिए समय पर वाहन नहीं मिलने के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी बच्चों एवं बुजुर्ग के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को हो रही है। कई यात्रियों को निजी वाहन बुक कर आवाजाही करनी पड़ रही है। रिखणीखाल निवासी शुभम ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे दिल्ली से कोटद्वार पहुंच गए थे। लेकिन, गांव जाने के लिए वाहन में सीट नहीं मिल पाई। कई घंटों के बाद उन्हें मैक्स वाहन मिला।
चुनाव ड्यूटी पर वाहन
होली त्योहार में पहाड़ी रूट पर चलने वाले अधिकांश मैक्स वाहन चुनाव ड्यूटी पर लगाए गए हैं। ऐसे में दूरस्त क्षेत्रों को आवाजाही करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी करनी पड़ रही है। सुबह से ही वाहनों के लिए यात्रियों में मारामारी हो रही है। कई रूटों पर यात्रियों को निजी वाहन बुक करने पड़ रहे हैं।