एशेज सीरीज 2025-26: पैट कमिंस टेस्ट में रूट को सर्वाधिक बार आउट करने वाले गेंदबाज बने

Spread the love

नईदिल्ली, इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन सिर्फ 19 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कंगारू टीम के कप्तान और तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने पवेलियन की राह दिखाई। इसके साथ ही उन्होंने रूट को टेस्ट में कुल 12वीं बार आउट किया है और वह उन्हें सर्वाधिक बार आउट करने वाले विरोधी गेंदबाज बन गए हैं। आइए रूट और कमिंस के आंकड़े जानते हैं।
कमिंस ने जसप्रीत बुमराह और मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ दिया है। इन गेंदबाजों ने रूट को टेस्ट क्रिकेट में 11-11 बार आउट किया है। जोश हेजलवुड ने इंग्लैंड के इस दिग्गज बल्लेबाज को 10 बार आउट किया था। कमिंस चोटिल होने के कारण सीरीज के पहले 2 टेस्ट मैच नहीं खेले थे। उन्होंने तीसरे टेस्ट में वापसी की है। रूट ने पिछले मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली थी। हालांकि, उस मैच में उनकी टीम को हार मिली थी।
रूट के खिलाफ कमिंस का पलड़ा काफी भारी रहा है। कमिंस के खिलाफ रूट ने अब तक 545 गेंदों का सामना करते हुए केवल 24.33 की औसत और 53.57 की स्ट्राइक रेट से 292 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 35 चौके और सिर्फ 1 छक्का निकला है। दोनों खिलाड़ियों को 32 पारियों में आमना सामना हुआ है और इस दौरान कमिंस ने उन्हें 12 बार आउट किया है।
32 साल के कमिंस ने अब तक 72 टेस्ट खेले हैं और इसकी 133 पारियों में 22.04 की औसत से 311 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 14 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 2 बार 10 विकेट भी चटकाए हैं। इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/23 का रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 20 टेस्ट की 27 पारियों में 23.89 की औसत से 93 विकेट चटकाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *