नईदिल्ली, एशेज सीरीज 2025-26 के सिडनी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल की। तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक ऑस्ट्रेलिया ने ट्रेविस हेड (163) और स्टीव स्मिथ (129*) के शतकों की मदद से 518/7 का स्कोर बनाया। इंग्लैंड के 384 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फिलहाल 134 रन की बढ़त हासिल की। आइए आज के खेल पर एक नजर डालते हैं।
कल के स्कोर 166/2 से आगे खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को माइकल नेसर (24) के रूप में आज पहला झटका लगा। इसके बाद हेड ने शतक लगाया। वहीं अपना आखिरी टेस्ट खेल रहे उस्मान ख्वाजा 17 और कैमरून ग्रीन 16 रन बनाकर आउट हुए। ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन 37 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस बीच तीसरे सत्र के दौरान स्मिथ ने भी अपना शतक पूरा किया और टीम की बढ़त 100 रन के पार पहुंचाई।
हेड ने 166 गेंदों का सामना करते हुए 24 चौकों और 1 छक्के की मदद से 163 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 12वां और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5वां टेस्ट शतक साबित हुआ। क्रिकइंफो के अनुसार, हेड 21वीं सदी की शुरुआत से एशेज सीरीज में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई ओपनर बन गए हैं। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने मौजूदा सीरीज में 600 रन भी पूरे किए।
सिडनी टेस्ट में जब ऑस्ट्रेलिया ने 234 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब स्मिथ क्रीज पर आए। उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। इसके बाद उन्होंने उस्मान ख्वाजा (17) और कैमरून ग्रीन (37) के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारियां निभाई। तीसरे दिन के तीसरे सत्र के दौरान स्मिथ ने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। यह स्मिथ ने टेस्ट करियर का 37वां शतक लगाया।
सिडनी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने एक समय 437 रन के स्कोर पर अपना 7वां विकेट खो दिया था। इसके बाद एक छोर से निरंतर रन बना रहे स्मिथ को निचले क्रम पर ब्यू वेबस्टर का अच्छा साथ मिला। इस जोड़ी ने 8वें विकेट के लिए अब तक 81 रन की अटूट साझेदारी की है। तीसरे दिन के स्टंप्स तक क्रीज पर स्मिथ (129) और वेबस्टर (42) बने हुए हैं।
इंग्लैंड से मैथ्यू पॉट्स ने बेहद खराब प्रदर्शन किया। उन्होंने 25 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 141 रन दिए। इंग्लिश टीम से ब्रायडन कार्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 108 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की। स्पिनर जैकब बेथल ने 15 ओवरों में 50 रन देते हुए 1 विकेट चटकाया। विल जैक्स कोई विकेट नहीं ले सके। कप्तान बेन स्टोक्स ने 2 सफलताएं अपने नाम की।