एशिया कप 2025: दुबई में खेले जाएंगे 11 मुकाबले, जानिए स्टेडियम के आंकड़े और रिकॉर्ड्स

Spread the love

नईदिल्ली, एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से होगा, जिसकी शुरुआत अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच मुकाबले से होगी। टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात के 2 बड़े शहर (अबू धाबी और दुबई) में किया जा रहा है। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 11 मैचों की मेजबानी करेगा, जबकि अबू धाबी में 8 मुकाबले खेले जाएंगे। कुल 8 टीमें उतरेंगी और फाइनल मुकाबला दुबई में ही आयोजित होगा। ऐसे में दुबई स्टेडियम के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
दुबई की पिच स्पिन गेंदबाजों और बल्लेबाजों के लिए संतुलित मानी जाती है। यहां नई गेंदों के साथ तेज गेंदबाजों को अच्छी शुरुआत मिल सकती है। खेल आगे बढ़ने के साथ स्पिनर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। रन बनाने के लिए बल्लेबाजों को अपनी नजरें जमानी होगी। इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। यहां ज्यादा बड़े-बड़े शॉट्स नहीं लगते, बल्लेबाजों को संयम से खेलना होता है।
दुबई क्रिकेट स्टेडियम में एक साथ बैठकर 25,000 दर्शक मैच का आनंद ले सकते हैं। इस मैदान पर पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2009 में खेला गया था। अब तक यहां 93 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 212/2 रन रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम ने ये स्कोर अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2022 में बनाया था। यहां सबसे छोटा स्कोर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम (55 रन बनाम इंग्लैंड, 2021) के नाम है।
इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने बनाए हैं। उनके बल्ले से 13 मैचों की 13 पारियों में 45.90 की औसत से 505 रन निकले हैं। उनकी औसत 45.90 और स्ट्राइक रेट 118.82 की रही है। अफगानिस्तान के मोहम्मद शहजाद ने यहां 9 पारियों में 55.71 की औसत से 390 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 132.20 की रही है। भारत के लिए विराट कोहली ने यहां सबसे ज्यादा 344 रन बनाए हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाज सोहेल तनवीर ने इस मैदान पर सबसे ज्यादा 22 विकेट लिए हैं। उन्होंने 15 मुकाबलों की 15 पारियों में 17.50 की औसत और 7.08 की इकॉनमी रेट से ये विकेट चटकाए हैं। सईद अजमल इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 14 मुकाबलों की 14 पारियों में 15.94 की औसत से 19 विकेट झटके हैं। भारत के लिए इस मैदान पर सबसे ज्यादा 11 विकेट भुवनेश्वर कुमार ने लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *