रुद्रप्रयाग : त्रियुगीनारायण-सोनप्रयाग मार्ग पर डामरीकरण की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार को विभाग ने मौके का निरीक्षण किया और संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। त्रियुगीनारायण-सोनप्रयाग मार्ग पर 5 से 6 किमी. के बीच डामर उखड़ने की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद आनन-फानन में पीएमजीएसवाई विभाग की टीम अधिशासी अभियंता पवन कुमार के नेतृत्व में स्थल पर पहुंची। जांच में बताया गया कि मौसम में अचानक बदलाव और अधिक ठंड के कारण सड़क की ऊपरी परत प्रभावित हुई है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित हिस्से पर दोबारा डामरीकरण करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने ठेकेदार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने डामर सामग्री को प्लांट से साइट तक त्रिपाल से ढककर लाने और सभी तकनीकी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। (एजेंसी)