कोटद्वार में बड़े स्टेडियम निर्माण के लिए होगा प्रयास : विधानसभा अध्यक्ष

Spread the love

-कलालघाटी में चतुर्थ जिला स्तरीय क्रिकेट लीग मैच की हुई शुरुआत
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार समेत पहाड़ी क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच की आवश्यकता है और यही हमारा उद्देश्य है। खिलाड़ियों की प्रतिभा को और ज्यादा निखारने के लिए कोटद्वार क्षेत्र में एक बड़े स्टेडियम निर्माण के लिए प्रयास किया जाएगा। जिसमें सभी प्रकार के खेल खेले जा सकेंगे और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उचित स्थान मिल पाएगा। यह बात विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कही।
शुक्रवार को क्रिकेट एसोसिएशन पौड़ी एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में कलालघाटी, कोटद्वार में चतुर्थ जिला स्तरीय क्रिकेट लीग मैच की शुरुआत की गई। जिसका उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बल्लेबाजी कर किया। उन्होंने टीम का परिचय प्राप्त करते हुए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और खेल भावना के साथ मैच खेलने का आह्वान किया। एमकेवीएन स्कूल के परिसर में आयोजित क्रिकेट लीग मैच के उद्घाटन समारोह के दौरान जिला स्तर की कई टीमों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को प्रेरणा और ऊर्जा देने का काम करता है। खेल शारीरिक दृष्टिकोण से भी आम जीवन में जनमानस के लिए अति आवश्यक हैं। जिससे शरीर से कई बीमारियां दूर होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता सभी को अपने जीवन में विपरीत प्रस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करती है और चुनौती व परिवर्तन की सूरत में डटकर मुकाबला करना सिखाती है। खेलकूद में जीत हार नहीं बल्कि प्रतिभाग करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि खेलकूद में कोटद्वार क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इस अवसर पर एमकेवीएन स्कूल के प्रबंधक प्रकाश चंद कोठारी, एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर बिष्ट, सचिव जगतराम डबराल, जगमोहन सिंह रावत, वीरेंद्र रावत, आभा डबराल, मनीष भट्ट, मनोज कुंडलिया, अमित भारद्वाज, राजेश जोशी, सुनील थपलियाल, राजीव ठुकराल, वीरेंद्र भारद्वाज, नबकिशोर, मनमोहन पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *