जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान के दूसरे दिन जागर सम्राट मंगलेश डंगवाल के जागरों का जादू देखने को मिला। श्रद्धालु लोक गायक के गीतों पर झूमते हुए नजर आए। इस दौरान गढ़वाल की संस्कृति पर आधारित विभिन्न झांकियां भी निकाली गई।

शनिवार को जागर संध्या का शुभांरभ मंगलेश डंगवाल ने भगवान गणेश की वंदना से किया। इसके उपरांत उन्होंने ‘रक्षा करी सिद्धबली बाबा..’, ‘शिव कैलाशु रन्दन…’, ‘जो जस ह्रगी बाबा जी…’, ‘हे हनुमंत वीरा…’, ‘शेरावाली हे माता अंबा…’, ‘मैया तेरी जै जै कार..’ ‘शीश नवाओ बाबा सिद्धबली के चरणों में..’ सहित अन्य गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई। वहीं, गढ़वाली प्रस्तुतियों को सुनने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मंदिर समिति व पुलिस को काफी पसीना बहाना पड़ा। महोत्सव के दौरान नेशनल कैडेट कोर के कैडेट्स जगह-जगह व्यवस्थाओं पर चाक-चौबंद नजर आए। कैडेट्स ने जहां भंडारा स्थल पर पूरी व्यवस्थाएं बनाने में सहयोग दिया, वहीं भजन संध्या के दौरान भी मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का अनुपालन करते नजर आए।