तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से ऑटो चालक की मौत

Spread the love

देहरादून()। सहस्रधारा रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हुए ऑटो चालक की मौत हो गई। ऑटो चालक की पत्नी की तहरीर पर रविवार को राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बीते 13 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे की है। पुलिस को दी गई शिकायत में दो बच्ची रोड, अनिरुद्ध कुमार देशवाल रेजिडेंसी निवासी मोहिनी ने बताया कि उनके पति श्याम सुंदर चौहान (ऑटो चालक) तिब्बती कॉलोनी, आईटी पार्क के पास से घर आने की तैयारी कर रहे थे। वह अपने ऑटो के पास खड़े थे। इसी दौरान शहर से सहस्रधारा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक बाइक काफी तेज गति में थी और उस पर एक युवती भी बैठी थी। गंभीर रूप से घायल श्याम सुंदर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मोहिनी ने बताया कि वह सदमे और सामाजिक कर्मकांडों के कारण तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दे पाई थीं। आरोपी बाइक चालक की पहचान भूपेश रौतेला निवासी चमोली के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर प्रदीप रावत ने बताया कि आरोपी भूपेश के खिलाफ सड़क हादसे में किसी व्यक्ति को मारने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *