जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : परिवहन विभाग ने शहर में ई-रिक्शा रैली निकालकर आमजन को यातायात के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई।
सिम्मलचौड़ स्थित परिवहन विभाग के कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली तड़ियाल चौक, देवी रोड, नजीबाबाद रोड, झंडाचौक, बदरीनाथ मार्ग से होते हुए गिवईस्रोत तक पहुंची। परिवहन अधिकारी शशि दूबे व परिवहन कर अधिकारी हरीश सती ने आमजन को यातायात के नियमों के प्रति प्रेरित किया। कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आमजन का जागरूक होना अति आवश्यक है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। हेलमेट बोझ नहीं, बल्कि हमारा सुरक्षा कवच है। अभियान के दौरान चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कहा कि यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए लगातार अभियान भी चलाया जाता है। कहा कि चालान से बचने के लिए नहीं, स्वयं की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। जरा सी लापरवाही हमारे जीवन पर भारी पड़ सकती है।