हरिद्वार। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के बैनर तले ऋषिकुल आयुर्वेद कॉलेज के कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया। कर्मचारियों ने चार माह के बकाया वेतन और मासिक वेतन नियमित समय से नहीं मिलने पर प्रदर्शन भी किया। संघ के कार्यकारी अध्यक्ष खेमानंद ने बताया कि इसी के साथ चरणबद्ध आंदोलन शुरू हो गया है। कहा कि 22 फरवरी को पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। ऋषिकुल तथा गुरुकुल आयुर्वेद कॉलेज में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है। कई बार प्रदर्शन के बाद भी उन्हें अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा कर दी थी। पहले चरण में शुक्रवार को शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के बैनर तले ऋषिकुल आयुर्वेदिक विवि परिसर में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया। साथ ही विरोध प्रदर्शन भी किया।