आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनकर तैयार, सेवाओं के लिए 31 मार्च तक का इंतजार

Spread the love

नई टिहरी()। जौनपुर ब्लॉक के श्रीकोट क्षेत्र के लोगों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र) की सेवाएं शुरू होने के लिए अब 31 मार्च तक इंतजार करना पड़ सकता है। निर्माणाधीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भवन निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने भवन को हैंडओवर लेने का काम शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने पहले दिसंबर से केंद्र का संचालन करने की बात कही थी लेकिन पानी और बिजली का कनेक्शन लेने की प्रक्रिया तय समय पर कार्य पूरा न होने से लोकार्पण की तिथि भी पीछे खिसकती जा रही है। श्रीकोट में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। वर्ष 2020 में सरकार ने केंद्र के लिए 42.47 लाख रुपये की स्वीकृति दी थी लेकिन भूमि के अभाव में यह प्रोजेक्ट अटका हुआ था। गत वर्ष श्रीकोट गांव निवासी रणवीर सिंह बिष्ट ने स्वास्थ्य विभाग को अपनी दो नाली भूमि दान देकर इस कार्य को गति दी थी। कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग के जेई पंकज राणा ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण अब पूरा हो चुका है। बिजली का कनेक्शन लेने के लिए विभाग ने आवेदन किया है। इस माह के अंत तक भवन स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। आयुष्मान आरोग्य मंदिर का संचालन शुरू होने से श्रीकोट, कोट, भटवाड़ी, बिष्टौंसी, घियाकोटी, सेंदुल, झिंगेरी, घराणा, एंदी गांव के लोगों इसका लाभ मिलेगा। अब तक श्रीकोट क्षेत्र के लोगो को बुखार, सिरदर्द की दवाई लेने के लिए भी 30 किमी दूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नैनबाग का रुख करना पड़ता है।
उप स्वास्थ्य केंद्रों को सरकार ने अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर का नाम दिया है। श्रीकोट में भवन तैयार हो चुका है। भवन को हैंडओवर लेने की प्रक्रिया चल रही है। 31 मार्च से पहले भवन का लोकार्पण करने की तैयारी की जा रही है। – डाॅ. श्याम विजय, सीएमओ टिहरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *