बड़कोट में सुचारू पेयजल व्यवस्था को 69.64 लाख की धनराशि स्वीकृत

Spread the love

उत्तरकाशी। नगर पालिका परिषद बड़कोट में बढ़ती आबादी के चलते पेयजल संकट भी गहरा रहा है। चारधाम यात्रा की दृष्टि से भी बडकोट नगर महत्वपूर्ण स्थान है। इसी के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नगर क्षेत्र के लिए पेयजल योजना के लिए 69.64 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। साथ ही पांच लाख की धनराशि तत्काल आवंटित की है। जिलाधिकारी ने जल संस्थान पुरोला के अधिशासी अभियंता को कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि अधिशासी अभियंता जल संस्थान पुरोला द्वारा अवगत कराया गया कि बीते सीजन में कम वर्षा होने से नगर पालिका परिषद बड़कोट क्षेत्र की पेयजल संकट गहरा गया है। नगर क्षेत्र की पेयजल योजनाओं के जल स्रोत पर जल स्तर में गिरावट आई है। इसके अलावा नगर पालिका परिषद बड़कोट में बढ़ती जनसंख्या के कारण भी पानी की मांग बढ़ी है। बड़कोट में सुचारू पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराए जाने के लिए नए स्रोत को जोड़े जाने के संबंध में 69.64 लाख का प्रस्ताव/प्राकलन गठित किया गया। इसकी तकनीकी परीक्षण के बाद धनराशि की स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर वीसी के माध्यम से सभी यात्रा पड़ाव पर आधारभूत सुविधाएं सुलभ कराने के निर्देश दिये थे। इसी के अनुपालन में यमुनोत्री धाम के मुख्य पड़ाव बड़कोट में आबादी में वृद्धि होने के कारण और पूर्व में निर्मित पेयजल योजना से नगर वासियों को पर्याप्त मात्रा में पानी की उपलब्धता न होने पर नई योजना प्रस्तावित की गई है। जिसकी स्वीकृति प्रदान कर तत्काल पांच लाख की धनराशि विभाग को आवंटित की गई है। ताकि कार्य जल्द शुरू कर नगरवासियों को पेयजल की सुविधा मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *