बदरीनाथ हाईवे मलबा गिरने से जगह-जगह बाधित

Spread the love

नई टिहरी। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दूसरे दिन भी पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने से यातायात बाधित होता रहा। पुलिस ने बदरीनाथ राजमार्ग पर लगातार गिर रहे बोल्डरों और मलबे को देखते वाहन चालकों से टिहरी-मलेथा मार्ग का उपयोग करने को कहा है। बीते बुधवार रात राजमार्ग पर शिवमूर्ति पर बोल्डरों के साथ चट्टानी मलबा आ गिरा। एनएच द्वारा गुरुवार को सुबह सात बजे तक शिवमूर्ति से मलबा हटाकर यहां फंसे वाहनों को निकलवाया। थोड़ी देर बाद चार किमी. आगे भरपूर में चट्टानी मलबा आने से हाईवे एक बार फिर बाधित हो गया। भरपूर में मलबा हटाने के तुरन्त बाद ही तोताघाटी में बोल्डरों सहित भारी मलबा आ गिरा। जिससे एनएच द्वारा करीब 11 बजे तक हटाया जा सका। थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने कहा कि राजमार्ग पर कई नये भूस्खलन जोन बन गये है, जिससे वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी बन गयी है। राजमार्ग पर लगातार बोल्डर व मलबा आने का सिलसिला बना हुआ है। बदरीनाथ राजमार्ग पर बढते जोखिम को देखते हुये वाहन चालक मलेथा होकर आवागमन करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *