बदरीनाथ हाईवे पर पुल का हुआ उद्घाटन

Spread the love

रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाइवे पर मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग में छह माह से बन रहे पुल का रविवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। चारधाम यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी इस पुल का लाभ मिलेगा। पूर्व में यहां पर अंग्रेजों के समय निर्मित पुलिया थी। पुलिया संकरी होने से यहां पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। व्यापार संघ के अध्यक्ष चंद्रमोहन सेमवाल के हाथों इसका उद्घाटन हुआ।
नगर में फरवरी से पुरानी पुलिया के स्थान पर नए पुल का निर्माण शुरू किया गया था। पुल दो माह में बन कर तैयार होना था, लेकिन इससे बनने में छह महीने लग गए। पुल निर्माण में देरी के लिए लकडाउन के कारण कार्य में व्यवधान की बात कही गई। पुल के निर्माण के दौरान अस्थाई रूप से वाहनों को रुद्रप्रयाग बस अड्डा से होकर भेजा गया, जिससे काफी दिक्कतें आ रही थी, पुल निर्माण के बाद अब शहर में ट्रैफिक काफी आसान हो जाएगा।
इस मौके पर आरसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जेपी शर्मा ने बताया कि कोरोना के चलते तीन महीने पुल के काम में दिक्कतें पेश आई। सामान्य हालात होते तो तीन महीने में पुल तैयार कर दिया जाता। उन्होंने पुल को नगर की जनता को समर्पित करते हुए शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि करीब 1 करोड़ 70 लाख की लागत से पुल का निर्माण किया गया। इस पुल का 10 मीटर स्पान है जबकि पुल 12 मीटर चौड़ा है। 15 फरवरी से पुल का विधिवत काम किया गया था, जो पूरा कर दिया गया है। साइड डेवलपमेंट का काम जारी रहेगा। वाहनों के लिए सोमवार से विधिवत अनुमति दे दी गई है।
इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना, आरसीसी के जेई देवेंद्र, कोतवाली निरीक्षक केएस बिष्ट, व्यापारी उम्मेद सिंह बिष्ट, गणेश नौटियाल, राजेश सेमवाल, कलम सिंह रावत, मकान सिंह, उम्मेद सिंह, पान सिंह पंवार, प्रदीप वशिष्ट, राजेश सूरी, सुरेंद्र बिष्ट सहित कई व्यापारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *