चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों की समीक्षा बैठक की। डीएम ने एसडीएम ज्योतिर्मठ को मास्टर प्लान के तहत निर्मित व्यावसायिक भवनों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही बरती गई संबंधित कार्यदायी एजेंसी जिम्मेदार होगी। बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों व निर्माण एजेंसियों से कार्यों की प्रगति लेकर विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने कहा कि कार्यों की प्रभावी निगरानी रखें। बदरीनाथ में निर्माणाधीन कार्यों को पूरा करें। अस्पताल, झील सौंदर्यीकरण, व्यावसायिक भवन, पार्किंग, पुल निर्माण, ब्रह्मकपाल क्षेत्र के कार्य सहित अन्य सभी कार्यों में समय और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। कार्यों में तेजी लाने के लिए मैन पावर बढ़ाएं। डीएम ने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी तरह का समझौता नहीं होगा। अगर कार्यों में लापरवाही मिली तो इसके लिए संबंधित कार्यदायी एजेंसी जिम्मेदार मानी जाएगी। बैठक में एसपी सुरजीत सिंह पंवार, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित पीआईयू के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।