बाघ एक्सप्रेस 15 घंटे लेट, हावड़ा रूट पर 10 घंटे ठप रहा रेल यातायात

Spread the love

हल्द्वानी(। बिहार के जमुई जिले में सीमेंट से लदी मालगाड़ी के पटरी से उतरने और घने कोहरे के चलते देश के व्यस्ततम दिल्ली-हावड़ा रेल कॉरिडोर पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। इसका बड़ा असर हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस पर पड़ा, जिसके अपने निर्धारित समय से करीब 15 घंटे देरी से काठगोदाम पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली से आने वाली रानीखेत और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस भी करीब तीन घंटे देरी से पहुंची। रविवार देर रात जमुई जिले के बधुवा नदी पुल पर सीमेंट से भरी मालगाड़ी के 16 से अधिक डिब्बे बेपटरी हो गए। इनमें से तीन डिब्बे सीधे पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही करीब दस घंटे तक बाधित रही। इस दौरान उत्तराखंड, बिहार, उत्तर-प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड को जोड़ने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को रोकना या डायवर्ट करना पड़ा। काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस रविवार रात समय पर रवाना हुई थी। लेकिन हावड़ा से काठगोदाम आने वाली बाघ एक्सप्रेस हादसे के कारण बीच रास्ते में फंस गई। यह ट्रेन सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचनी थी, लेकिन इसके रात करीब 12 बजे काठगोदाम पहुंचने की संभावना जताई गई। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा पड़ने से रविवार रात दिल्ली से काठगोदाम पहुंचने वाली संपर्क क्रांति करीब तीन घंटा देरी से रात 1.15 पर पहुंची। वहीं, रानीखेत एक्सप्रेस करीब ढ़ाई घंटा और शताब्दी एक्सप्रेस दस मिनट देरी से पहुंची। काठगोदाम स्टेशन प्रबंधक डीएस बोरा ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा पड़ने के लिए ट्रेन लेट पहुंच रही हैं। हेली सेवाएं रहीं प्रभावित, सोमवार को चलीं अतिरिक्त उड़ानें घने कोहरे से रविवार शाम हल्द्वानी-चम्पावत और अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हेली सेवाएं निरस्त कर दी गई थीं। हेरीटेज एविएशन हेली सेवा के हल्द्वानी बेस इंचार्ज गौरव गहलोत ने बताया कि सोमवार को मौसम साफ होने पर इन दोनों रूटों पर अतिरिक्त राउंड लगाकर सेवाएं संचालित की गईं। फिलहाल सभी हेली सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *