बहादराबाद को मिला नया फायर स्टेशन, अग्निकांड पर लगेगी लगाम

Spread the love

हरिद्वार। औद्योगिक क्षेत्र बहादराबाद को फायर स्टेशन मिल गया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को नए फायर स्टेशन का उद्घाटन किया। इसके शुरू होने से क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित काबू पाने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों व उद्योगों को राहत मिल सकेगी। उद्घाटन के दौरान एसएसपी ने पूजा-अर्चना कर फायर स्टेशन के संचालन की शुरुआत कराई। इसके बाद उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया और वहां तैनात स्टाफ को दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि आगजनी की घटनाओं में तेजी से प्रतिक्रिया देना सबसे महत्वपूर्ण होता है। सभी कर्मियों को हर समय सतर्क और तैयार रहना होगा। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बहादराबाद में फायर स्टेशन बनने से मायापुर और सिडकुल स्थित फायर स्टेशनों पर पड़ने वाला दबाव कम होगा। इससे पूरे क्षेत्र में आपातकालीन सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। खासतौर पर औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां आग लगने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में यह फायर स्टेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने फायर कर्मियों को निर्देश दिए कि वे न केवल आगजनी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करें, बल्कि लोगों को जागरूक करने और अग्निकांडों के रोकथाम के उपायों पर भी ध्यान दें। आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने फायर स्टेशन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। इस मौके पर एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, फायर स्टेशन अधिकारी वंश यादव समेत कई पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *