‘विकसित भारत’ के अमृतकाल की ओर बढ़ रहा देश : बहुगुणा

Spread the love

केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा गुरूवार को जनपद भ्रमण पर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के सफल 11 वर्षों की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का नेतृत्व ‘विकसित भारत’ के अमृतकाल की ओर बढ़ रहा है, जहां सेवा, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में पूरी तत्परता से जुटी है। उन्होंने भगवान केदारनाथ धाम में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसके परिणाम स्वरूप एक माह में रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। कहा कि 2014 से पूर्व कांग्रेस सरकार के समय भारत भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टिकरण के लिए जाना जाता था, लेकिन वर्तमान में भारत विकास, नवाचार और तकनीकी प्रगति के पथ पर अग्रसर है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों को ट्रांस्फर हो रहा है। यह परिवर्तन केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंधूर’ से लेकर ‘मेड इन इंडिया’ तक भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और आज “पाकिस्तान में टेस्टेड और दुनिया में ट्रस्टेड” हो चुका है। इस मौके पर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, राज्य मंत्री बलबीर घुनियाल, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, मीडिया प्रभारी सतेंद्र बत्र्वाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *