1 नवंबर से शुरू होगा श्री देवलेश्वर सिद्धपीठ में बैकुंठ चतुर्दशी मेला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर में पांच दिवसीय मेले की तैयारियां इन दिनों जोरों पर चल रही है। मंदिर समिति ने शिव ध्वजा से लेकर अन्य तैयारियां करना शुरू कर दिया है। मेला एक से पांच नवंबर तक लगेगा। कोविड काल में मेले का आयोजन नहीं किया गया था। ध्वजा तीन रंग में है जिसमें सबसे ऊपर पीला रंग होता है बीच में सफेद और सबसे नीचे लाल रंग है।
समिति के सचिव जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि हर साल एक गांव ध्वजा लेकर आता है। दूसरे साल वहीं गांव इस ध्वजा को भी वापस उतारता है फिर नए गांव की ध्वजा चढ़ाई जाती है। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के समय पर्चियां डाली जाती हैं, जिसमे उन गांवों का नाम होता है जो ध्वजा लाने के लिए तैयार होते हैं। ध्वजा लाने वाले गांव का हर परिवार ध्वजा लाने में शामिल होता है। गांव की हर बेटी जिसका विवाह हो गया हो, उन्हें भी निमंत्रण दिया जाता है। फिर शिव ध्वजा निकलती है और पूरे एक साल के लिये बाबा भोलेनाथ को अर्पित की जाती है। ध्वजा को एक साल बाद ही उतारा जाएगा। 2016 से देवलेश्वर महादेव में बैकुंठ चतुर्दशी मेला शुरू किया गया था। इस दौरान गांव से बाहर रहने वाले लोग भी मेले में आते है। इस बार दसवीं शिव ध्वजा अर्पित की जाएगी और इसे डांग गांव द्वारा लाया जाएगा। पहली शिव ध्वजा उजियाडी गांव लाया था। इसकी ऊंचाई लगभग 48 फीट थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *