बाल भारती ने जीता सोकर कप का खिताब

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार फुटबॉल संघ एवं शहीद मुकेश बिष्ट खेल अकादमी के सह तत्वाधान में बाल दिवस के अवसर पर सोमवार को सब जूनियर किड्स सोकर कप जनता इंटर कॉलेज मोटाढाक खेल मैदान में आयोजित किया गया। जिसमें आठ क्लबों की टीमों ने प्रतिभाग किया। पहली बार यह प्रतियोगिता क्लब स्तर पर कराई गई। बाल भारती वॉइस ने राइजिंग सन फुटबॉल क्लब को हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बालभारती वॉइस और राइजिंग सन फुटबॉल क्लब के मध्य खेला गया। मैच का शुभारंभ खेल संघ के संरक्षक धीरेंद्र कंडारी एवं गिरिराज सिंह रावत ने किया। बाल भारती ने सेमीफाइनल में आरपी फुटबॉल क्लब को 1-0 से पराजित किया था और राइजिंग सन एफसी ने बड़ा उलटफेर करते हुए एवी एनएफसी को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल मैच में निर्धारित समय तक स्कोर बराबरी पर रहा। अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में सौरभ भंडारी और सौरभ के गोल की बदौलत बाल भारती वॉइस ने मुकाबला अपने नाम किया। उपविजेता टीम को एनआईएस कोच महेंद्र रावत एवं देव मोहन नेगी द्वारा पुरस्कृत किया गया, जबकि विजेता टीम को धीरेंद्र कंडारी एवं गिरिराज सिंह रावत ने पुरस्कृत किया। ऋतिक नेगी, इंद्र रावत और हिमांशु रावत ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मैच का आंखों देखा हाल तरुण इंस्टवाल ने सुनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *