चुनाव दंगल में बलूनी की एंट्री, कोटद्वार से शक्ति प्रदर्शन

Spread the love

कोटद्वार पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने किया स्वागत
कौड़िया से झंडाचौक तक बाइक रैली निकालकर जनता का किया अभिवादन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी ने चुनाव दंगल में एंट्री कर दी है। सोमवार को कोटद्वार पहुंचे बलूनी ने कौड़िया चैक पोस्ट से झंडाचौक तक बाइक रैली निकाली। बड़ी संख्या में सड़क किनारे खड़ी महिलाओं ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान अनिल बलूनी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण व हरिद्वार लोकसभा सीट से प्रत्याशी त्रिवेंद्र रावत भी मौजूद रहे। शक्ति प्रदर्शन के बाद झंडाचौक में जनसभा का भी आयोजन किया गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे अनिल बलूनी कौड़िया चैक पोस्ट पर पहुंचे। यहां युवा मोर्चा व भाजपा कार्यकत्र्ता उनके स्वागत में खड़े थे। इसके बाद कौड़िया से झंडाचौक तक भव्य बाइक रैली निकाली गई। खुली जीप में सवार प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण व हरिद्वार लोकसभा सीट से प्रत्याशी त्रिवेंद्र रावत के साथ अनिल बलूनी ने जनता का अभिवादन किया। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाने के साथ ही आतिशबाजी कर बलूनी का कोटद्वार में स्वागत किया। इसके उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए अनिल बलूनी ने जनता से केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों पर वोट देने की अपील की। कहा कि पिछले दस वर्षों में उत्तराखंड में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं। भाजपा के कार्यकाल में हुए यह कार्य जनता को प्रत्यक्ष नजर भी आ रहे हैं। विकास कार्यों को निरंतर बढ़ाने के लिए जनता को सहयोग देना होगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, राजगौरव नौटियाल, मनोज जखमोला, मुन्नालाल मिश्रा, हर्षवद्धन बिंजोला, सौरभ थपलियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *