महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस सर्तक, मेला क्षेत्र में भारी वाहनों पर रोक

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 18 मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जायेगा। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल के थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रान्तर्गत श्री नीलकण्ठ महादेव में उत्तराखण्ड एवं बाहरी राज्यों से काफी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं जलाभिषेक करने आते हैं। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस सर्तक हो गई है। अपर पुलिस अधीक्षक शेखर चन्द्र सुयाल ने बैठक कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए अहम टिप्स दिए। 17 से 19 फरवरी तक सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगायी गयी है। सांय 6 से प्रात: 6 बजे तक पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के आवागमन पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में गुरूवार को अपर पुलिस अधीक्षक शेखर चन्द्र सुयाल ने थाना लक्ष्मणझूला में बैठक ली। उन्होंने ड्यूटीरत समस्त पुलिस बल को श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन हेतु समर्पित भाव से ड्यूटी पर नियुक्त रहने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रुप से चलाने हेतु निर्देशित किया। एएसपी ने बताया कि महाशिवरात्रि मेले के दृष्टिगत सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को 3 जोन और 6 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी और सेक्टर में निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष स्तर के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। मेला सुरक्षा के दृष्टिगत 5 निरीक्षक, 4 थानाध्यक्ष, 30 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 22 हेड कांस्टेबल, 60 कांस्टेबल, 2 प्लाटून पीएसी, एसडीआरएफ यूनिट, जल पुलिस एवं फायर सर्विस को तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने हेतु श्री नीलकण्ठ महादेव मन्दिर जाने के लिए पशुलोक बैराज-गरुड़ चट्टी-नीलकण्ठ मंदिर मार्ग को निर्धारित किया गया है। मंदिर से वापसी हेतु नीलकण्ठ-गरुड़ चट्टी-तपोवन मार्ग निर्धारित किया गया है। वाहनों के अव्यवस्थित रूप से खड़े पाए जाने पर उन्हें हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की गयी है। साथ ही नीलकण्ठ में पार्किंग फुल होने की दशा में वाहनों को पीपल कोटी-दिउली मार्ग पर डायवर्ट कर पार्क कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *