रुद्रपुर()। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर लगी रोक को जनता की बड़ी जीत बताया है। बुधवार को अपने आवास विकास स्थित आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता के गुस्से को भांपकर चुनावी लाभ के लिए निर्णय लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से स्मार्ट प्रीपेड मीटरों का विरोध कर रही थी, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों की अनदेखी की। बेहड़ ने कहा कि वह प्रदेश में अकेले ऐसे विधायक थे, जिन्होंने लगातार मीटरों के गलत बिल, बढ़ते आर्थिक बोझ और तकनीकी गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया। कई मीडिया चैनलों द्वारा खामियां उजागर करने के बावजूद सरकार ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने जनता को गुमराह किया और मीडिया को भी निशाना बनाया। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में जुटी है और जनता की परेशानियों को अनदेखा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता की मजबूती और विरोध के चलते ही सरकार को बैकफुट पर आना पड़ा। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने अपने संगठन की भूमिका पर भी बात की और कहा कि यदि संगठन भी उस समय सड़क पर उतर आता तो निकाय चुनाव के परिणाम कुछ और होते। बेहड़ ने कहा कि 2027 के चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी और कांग्रेस की सरकार बनते ही पहले कैबिनेट में स्मार्ट मीटरों को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने इसे लंबी लड़ाई बताते हुए कहा कि अब जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है।