जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण शहर में शादी-विवाह के आयोजनों में बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। कई बारात घरों में बारात के लिए लकड़ी के चूल्हों में खाना बन रहा है। वहीं, कई दूल्हा-दूल्हन पक्ष के लोग गैस सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटक रहे है। गैस किल्लत ने रेस्टारेंट व होटलों की भी व्यवस्था बिगाड़ दी है।
भले ही प्रशासन शहर में पर्याप्त सिलेंडर होने के दावे कर रहा हो। लेकिन, धरातल की स्थिति कुछ ओर ही बयां कर रही है। हालत यह है कि लोग अब भी एजेंसी व अन्य स्थानों पर सिलेंडर के लिए लंबी लंबी कतारें लगा रहे हैं। गैस के कारण कैटरिंग कारोबारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर में कई स्थानों पर शादी-विवाह के कार्यक्रम तय है। लेकिन, गैस की किल्लत ने कार्यक्रमों की व्यवस्था प्रभावित कर दी है। लोगों का कहना है कि अपने जीवन में पहली बार इस तरह की स्थिति देखनी पड़ रही है। कई शादियों में मेन्यू भी बदलना पड़ रहा है। लगातार भटकने के बाद भी सिलेंडर समय से नहीं मिल पा रहा।