जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत कण्वाश्रम में बुधवार से कण्वाश्रम बसंत महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व मंगलवार को शहर में स्कूली बच्चों की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई। अतिथियों ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचने की अपील की।
कण्वाश्रम में प्रतिवर्ष बसंत महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इसी के तहत मंगलवार को विभिन्न विद्यालय के विद्यार्थियों ने नजीबाबाद रोड, झंडाचौक, बदरीनाथ मार्ग से होते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर प्रभात फेरी निकाली। महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने झंडाचौक में रैली को सलामी दी। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में लोगों को महोत्सव के बारे में जानकारी दी गई। जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने कहा कि कण्वाश्रम को राष्ट्रीय फलक पर पहचान दिखने के लिए 21 जनवरी से कण्वाश्रम में बसंत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को पहले दिन विद्यालयों के लिए वालीबाल, कबड्डी, पेंटिंग सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 22 जनवरी को खेल प्रतियोगिताओं के साथ ही पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता होगी। साथ ही संस्कृति विभाग के कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। 23 जनवरी को उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण व साथी कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने की अपील की। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, विजयानंद पोखरियाल, हरि सिंह पुंडीर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शांता बमराड़ा, शशि बाला केष्टवाल, उम्मेद बिष्ट, प्रमोद डोबरियाल, रजनीश चौधरी, मनमोहन द्विवेदी, सिमरन बिष्ट आदि मौजूद रहे।