बसंत पंचमी पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

Spread the love

हरिद्वार। कुंभ के तीसरे पर्व स्नान बसंत पंचमी पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड से गंगा में डुबकी लगाई। सीमा और हरकी पैड़ी समेत अन्य जगह कोरोना की रैंडम जांच की गई। हरकी पैड़ी आने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद ही श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंचे और स्नान कर पुण्य कमाया। भीड़ कम होने के कारण स्नान के लिए तैयार की गई व्यवस्थाओं को लागू नहीं करना पड़ा। मंगलवार सुबह ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर गंगा गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था, जो दोपहर बाद तक चलता रहा। सुबह कम भीड़ नजर आई। दिन चढ़ते ही हल्की भीड़ होने लगी। अपेक्षा के मुताबिक भीड़ कम नजर आई। मौनी अमावस्या स्नान से भी कम भीड़ बसंत पंचमी के स्नान पर नजर आई। मंगलवार को हरियाणा, मुरादाबाद, सहारनपुर, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल, जम्मू समेत अन्य प्रांतों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की कोशिश करते हुए पुलिस फोर्स ने स्नान संपन्न कराया। भीड़ कम होने के कारण ट्रैफिक प्लान को लागू नहीं किया गया। स्नान के लिए कुंभ मेला पुलिस के अलावा केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी, जिले की पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। सीमा पर थर्मल स्क्रीनिंग के साथ ही कोरोना की रैंडम जांच की गई। सोमवार देर रात को ही हरकी पैड़ी, खड़खड़ी चौकी, पार्किंग समेत अन्य जगह स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात कर दी गई थी, जो मंगलवार की सुबह से श्रद्धालुओं की जांच कर रही थी। हरकी पैड़ी चौकी से लाइन लगाकर श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद ही अपर रोड की ओर से आने वाले श्रद्धालु को हरकी पैड़ी भेजा गया। सीसीआर टावर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। उधर, डीजीपी अशोक कुमार ने हरकी पैड़ी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *