बेस अस्पताल को मिला एक और फिजीशियन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : लगातार मांग के बाद आखिर राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार को एक और फिजीशियन मिल गया है। अब तक बेस अस्पताल में केवल एक फिजीशियन के भरोसे ही व्यवस्थाएं चल रही थी। फिजिशियन की तैनाती होने से लोगों को भी काफी राहत मिलेगी। कई बार मरीजों की संख्या इतनी अधिक बढ़ जाती है कि एक फिजीशियन के कांधों पर अधिक जिम्मेदारी आ जाती है।
राजकीय बेस चिकित्सालय में पहाड़ के साथ ही मैदान से सैकड़ों मरीज प्रतिदिन उपचार के लिए पहुंचते है। ऐसे में सबसे अधिक मरीज सर्दी, जुकाम व बुखार के पहुंचते हैं। लेकिन, बेस अस्पताल में स्वीकृत फिजीशियन के तीन पदों में से मात्र एक पर ही तैनाती थी। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार फिजीशियन के छुट्टी पर चले जाने से मरीजों की समस्या और अधिक बढ़ जाती थी। लोगों को मजबूरन निजी अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती थी। ऐसे में पिछले लंबे समय से चिकित्सालय में फिजीशियन की तैनाती की मांग उठ रही थी। आखिरकार, शासन ने बेस चिकित्सालय में एक फिजीशियन की तैनाती कर दी है। मंगलवार को डा. दीपिका ने बतौर फिजीशियन चिकित्सालय में कार्यभार ग्रहण किया। डा. दीपिका के कार्यभार संभालने के बाद जहां मौजूदा फिजीशियन को थोड़ी राहत मिलेगी, वहीं आमजन को भी राहत मिलना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *