टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

Spread the love

नईदिल्ली, हाल ही में संपन्न हुए टी-20 विश्व कप 2026 में कई मैचों में टीमों ने बड़े स्कोर बनाए। भारतीय क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल और फाइनल मैचों में 250+ रन के स्कोर किए। भारत से संजू सैमसन और ईशान किशन ने इस संस्करण में 300 से अधिक रन बनाए और इस बीच कई बड़े छक्के देखने को मिले। इस बीच टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक 24 छक्के लगाए। भारतीय विकेटकीपर सैमसन को शुरुआती मुकाबलों में भारत की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था। हालांकि, जब उन्हें चुना गया तो उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। इस खिलाड़ी ने 5 मैच की 5 पारियों में 80.25 की उम्दा औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट के साथ 321 रन अपने नाम किए।
न्यूजीलैंड के फिन एलन ने इस संस्करण में 20 छक्के लगाए। इस सलामी बल्लेबाज ने कई अहम मुकाबलों में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने 8 पारियों में 49.66 की औसत और 200.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 298 रन बनाए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए सेमीफाइनल मैच में सिर्फ 33 गेंदों में शतक पूरा किया था। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने थे।
वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर भी इस सूची में शामिल हैं। उन्होंने 2026 में 7 मैचों की 7 ही पारियों में 41.33 की औसत और 186.46 की स्ट्राइक रेट के साथ 248 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 85 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए। उन्होंने इस संस्करण में 19 छक्के और 16 चौके लगाए। वह इस संस्करण में वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान और भारत के किशन ने 2026 के संस्करण में 18-18 छक्के लगाए। फरहान ने 6 पारियों में 76.60 के औसत और 160.25 की स्ट्राइक रेट से 383 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल हैं। फरहान टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं, किशन ने 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *