टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज और उनके आंकड़े

Spread the love

नईदिल्ली,। टी-20 विश्व कप के इतिहास में कई बल्लेबाजों ने ऐसी पारियां खेली हैं, जिन्होंने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया। दबाव के बड़े मुकाबलों में जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब कुछ बल्लेबाजों ने रन बनाकर इतिहास रच दिया। टी-20 विश्व कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से होने जा रहा है। 10वीं बार ये टूर्नामेंट खेला जाएगा। ऐसे में आइए इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।
इस सूची में पहले स्थान पर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ब्रेडन मैकुलम हैं। उन्होंने साल 2012 के विश्व कप में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ श्रीलंका के पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में 123 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 58 गेंदों का सामना कर ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 11 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 212.06 की रही थी। उस मैच में कीवी टीम को 59 रन से जीत मिली थी।
दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। उन्होंने 2007 के विश्व कप में जोहान्सबर्ग के मैदान पर सिर्फ 57 गेंदों का सामना करते हुए 117 रन बना दिए थे। उनके बल्ले से 7 चौके और 10 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 205.26 की रही थी। हालांकि, इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद गेल की टीम को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2014 के टी-20 विश्व कप में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद 116 रन की पारी खेली थी। इस खिलाड़ी ने 64 गेंदों का सामना कर ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 11 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 181.25 की रही थी। उस मैच में हेल्स की टीम को 6 विकेट से शानदार जीत मिली थी।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 2014 के टी-20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 111 रन की पारी खेली थी। इस खिलाड़ी ने 62 गेंदों का सामना कर ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 179.03 की रही थी। उस मैच को पाकिस्तान ने 50 रन से अपने नाम किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *